भास्कर न्यूज | राजनगर राजनगर प्रखंड सभागार में गणतंत्र दिवस के अवसर पर झारखंड अलग राज्य आंदोलन में योगदान देने वाले 175 चिन्हित आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में झारखंड आंदोलन के संघर्षों और बलिदानों को याद करते हुए अतिथियों व अधिकारियों के हाथों आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर राजनगर के कड़को गांव निवासी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कालीपद सोरेन (केपी सोरेन) को भी झारखंड आंदोलनकारी का प्रमाण पत्र अंचलाधिकारी श्रवण कुमार झा के हाथों सौंपा गया। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद केपी सोरेन ने झारखंड अलग राज्य आंदोलन के दिनों को याद करते हुए कहा कि झारखंड अलग राज्य का गठन हजारों आंदोलनकारियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाना न केवल उनके योगदान की पहचान है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी झारखंड आंदोलन के इतिहास से प्रेरणा लेने का अवसर है। वहीं, प्रमुख आरती हांसदा ने आंदोलनकारियों के संघर्ष को नमन करते हुए कहा कि राज्य की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा में इनकी भूमिका अविस्मरणीय रहेगी। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख आरती हांसदा, उप प्रमुख सुमना देवी, जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो, सुलेखा हांसदा, सीओ श्रवण कुमार झा, बीडीओ मलय कुमार, विशु हेंब्रम, रामरतन महतो, भुवनेश्वर महतो सहित कई जनप्रतिनिधि व आंदोलनकारी की उपस्थिति रही।


