भास्कर न्यूज | सरायकेला जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन बिरसा मुंडा स्टेडियम में किया गया, जहां उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा भव्य परेड की सलामी ली। इससे पूर्व उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लूनायत ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया और टुकड़ियों का उत्साहवर्धन किया। ध्वजारोहण के पश्चात उपायुक्त ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत निरंतर एक समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जिला स्तर पर भी विकास के सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं। उपायुक्त ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सामाजिक कल्याण, आधारभूत संरचना तथा कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में जिले द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से जनहित में योजनाओं को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ लागू करने का आह्वान किया।समारोह में पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स एवं स्कूली बच्चों द्वारा अनुशासित और आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विकास योजनाओं पर आधारित रंग-बिरंगी और झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जो आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकी प्रतियोगिता में जिला समाज कल्याण विभाग को “बाल विवाह मुक्त समाज” विषय पर आधारित झांकी के लिए प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं, परिवहन विभाग को “सड़क सुरक्षा” विषय पर द्वितीय स्थान तथा डीआरडीए को “आत्मनिर्भर भारत” विषय पर आधारित झांकी के लिए तृतीय स्थान प्रदान किया गया।


