जालंधर| 77वें गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर शहर को एक अनूठा उपहार मिला है। जालंधर के प्रसिद्ध बीएमसी चौक का नाम बदलकर अब ‘कॉन्स्टिट्यूशन स्क्वायर’ (संविधान चौक) कर दिया गया है। मेयर वनीत धीर ने रिबन काटकर इस नवनिर्मित स्क्वायर का विधिवत उद्घाटन किया और इसे शहरवासियों को समर्पित किया। यह उपलब्धि अंबेडकराइट लीगल फोरम और सोशल जस्टिस काउंसिल के पांच वर्षों के निरंतर प्रयासों, कानूनी विशेषज्ञों के सुझावों और सरकार के साथ लंबी बातचीत का परिणाम है। फोरम के अध्यक्ष एडवोकेट प्रितपाल सिंह ने मेयर का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित इस परियोजना को मेयर की इच्छाशक्ति ने धरातल पर उतारा। यह चौक अब भारतीय संविधान के मूल्यों और बाबा साहेब डॉ. बीआर अंबेडकर की विरासत के प्रतीक के रूप में पहचाना जाएगा। इस गौरवपूर्ण अवसर पर जॉइंट कमिश्नर, महासचिव राजू अंबेडकर, एडवोकेट मोहन लाल फ्लोरिया, एडवोकेट नरिंदर सिंह और एडवोकेट राजिंदर पाल बोपाराय समेत भारी संख्या में कानूनी विशेषज्ञ और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


