अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने की कड़ी कार्रवाई, 280 लीटर स्प्रिट के साथ 5 हुए गिरफ्तार

रांची जिले में अवैध शराब के नेटवर्क पर उत्पाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए चार इलाकों में एक साथ छापेमारी कर पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 280 लीटर अवैध स्प्रिट और 50 लीटर चुलाई शराब जब्त की गई है। मुख्य आरोपी श्याम कुमार को हेथू गांव से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सहायक आयुक्त उत्पाद, रांची के निर्देश पर प्राप्त शिकायत और गुप्त सूचना के आधार पर यह विशेष अभियान चलाया गया। जगन्नाथपुर थाना और एयरपोर्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत शहीद मैदान, मौसी बाढ़ी, लटमा और हेथू गांव में एक साथ छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान हेथू गांव से श्याम कुमार को 280 लीटर अवैध स्प्रिट के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अन्य चार अभियुक्तों को भी अवैध उत्पाद सामग्री के साथ हिरासत में लिया गया। सभी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व उत्पाद दारोगा प्रदीप शर्मा ने किया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जब्त स्प्रिट और चुलाई शराब का उपयोग बड़े पैमाने पर अवैध शराब निर्माण में किया जाना था। समय रहते कार्रवाई से एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता मिली है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि रांची जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *