लुधियाना| न्यू माधोपुरी इलाके में रहने वाले एक होजरी कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अमन अरोड़ा के रूप में हुई है। थाना दरेसी पुलिस के जांच अधिकारी हरपाल सिंह ने बताया कि अमन अपने परिवार के साथ न्यू माधोपुरी में रहता था और होजरी का काम करता था। परिवार के अनुसार उसे कमरे में बेसुध हालत में पाया गया। बताया जा रहा है कि जब परिजनों ने उसे आवाज दी तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसे तुरंत सीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में नशे की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अमन अविवाहित था और परिवार का इकलौता बेटा बताया जा रहा है।


