सारणी में नल जल शुल्क के विरोध में प्रदर्शन:4000 रुपए कनेक्शन और 150 रुपए मासिक शुल्क पर भड़के लोग

बैतूल जिले के सारणी में नगरपालिका की नल जल योजना के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। विरोध का मुख्य कारण नगर पालिका परिषद की ओर से 29 जनवरी को पारित किया गया प्रस्ताव है। जिसमें प्रति कनेक्शन 4000 रुपए और प्रति माह 150 रुपए वसूलने का निर्णय लिया गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह जनता से सीधी लूट है, क्योंकि इस योजना के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने पहले ही 100 करोड़ रुपए की राशि दी है। इसके अलावा, योजना में कई खामियां सामने आई हैं। कई नागरिकों को अभी तक नल कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। जलावर्धन कंपनी ने नल की टोटी नहीं लगाई है और पीवीसी पाइप की सुरक्षा के लिए जीआई पाइप का उपयोग भी नहीं किया गया है। 30 रुपए प्रति माह का प्रावधान है महत्वपूर्ण बात यह है कि मध्य प्रदेश सरकार के आदेशानुसार प्रति नल कनेक्शन प्रति माह केवल 30 रुपए की वसूली का प्रावधान है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि नगरपालिका का यह प्रस्ताव निरस्त किया जाए और सरकारी आदेश के अनुसार केवल 30 रुपए मासिक शुल्क लिया जाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागदरे, समीर खान, ब्लाक अध्यक्ष किशोर चौहान, संदीप नागले, वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद इशरत बी, कांग्रेस नेता मोहम्मद इलियास, भगवान जावरे, तिरुपति एरुलू खास तौर पर मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *