21 जनवरी को आए विक्षोभ के बाद हुई 1.3 एमएम बारिश और हवा के बदले रुख ने सर्दी की फिजां ही बदल दी। 14 डिग्री तक पहुंच चुका रात का पारा वापस 3 डिग्री को छू गया था पर अब कई दिनों से 6 से 9 डिग्री के बीच बना हुआ है। हालांकि बीती रात 10 डिग्री तक भी पहुंच गया मगर हवा ने सर्दी का मिजाज कम नहीं होने दिया। बीती रात का न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 21 जनवरी को बसंत पंचमी थी। माना जाता है कि बसंत पंचमी के बाद सर्दी धीरे धीरे कम हो जाती है मगर इस बार बसंत पंचमी के बाद तो सर्दी जैसे वापस लौट आई हो। बसंत पंचमी के बाद ही तापमान ने इस साल का दूसरा रिकार्ड बनाया और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक पहुंच गया। 26 से फिर नया विक्षोभ प्रदेश में आ गया। हालांकि इसका प्रभाव बीकानेर पर हवा और बादलों के रूप में तो देखने को मिलेगा मगर बारिश की संभावना अब तक नहीं सामने आई। हालांकि कई शहरों में बारिश की स्थिति है। आसपास के जिलों में बारिश हुई तो बीकानेर के ग्रामीण क्षेत्र में कहीं कहीं बारिश की संभावना है। मगर इन दिनों सबसे ज्यादा ठंडक बढ़ाने में भूमिका हवा की है। हवा उत्तरी और ऊपर से उसकी गति तेज होने से सर्दी लोगों को ठिठुरने को मजबूर कर रही है। मंगलवार को दिन में धूप निकली। आगे क्या संभावना आने वाले एक सप्ताह तक तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव होने की संभावना कम है। तापमान की सुई 7 से 9 डिग्री के बीच ही घूमेगी। यानी ठिठुरन का दौर कम से कम 2 फरवरी तक रहने के आसार है। बुधवार को कोहरा भी छा सकता है। कोहरे के कारण एक बार तापमान वापस कम होगा। फिर धीरे-धीरे बढ़ेगा।


