साप्ताहिक समीक्षा बैठक में पानी, बिजली, मौसमी बीमारियों की समस्या के समाधान के दिए निर्देश

टोंक| बिजली, पानी, मौसमी बीमारियों, संपर्क पोर्टल एवं जनसुनवाई में आने वाले परिवादों के निस्तारण को लेकर साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन सौंकरिया की अध्यक्षता में ्हुई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश गोयल को जिले में पेयजल सप्लाई को सुचारू रखने के निर्देश दिए। लीकेज एवं क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को शीघ्र सही कराया जाएं, ताकि आमजन को पेयजल समस्या का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने हैंडपंप रिपेयर एवं पेयजल प्रोजेक्ट कार्यों की समीक्षा की। आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए अभी से कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग के सीएमएचओ डॉ. शैलेंद्र चौधरी से मौसमी बीमारियों की स्थिति को लेकर जानकारी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना में पंजीकरण को बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही, आशान्वित ब्लॉक पीपलू में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी पैरामीटर पर प्रगति लाने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से मुख्यमंत्री बजट घोषणा में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच-पांच आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाने एवं उनकी प्रगति को लेकर जानकारी ली। जल जीवन मिशन में आंगनबाड़ी को पेयजल कनेक्शन दिये जाने के लिए जलदाय विभाग एवं आईसीडीएस को समन्वय बनाकर कार्य करने के लिए निर्देशित किया। एडीएम ने डीओआईटी के एसीपी श्याम सुंदर जांगिड़ से ई-फाइल कार्य में विभागों की शिथिलता की जानकारी लेते हुए ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को फाइलों का निस्तारण नियत समय सीमा में करने के निर्देश दिए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक को पेंशनर्स का सत्यापन कार्यों को बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग अधिशासी अभियंता दीन मोहम्मद, सीडीईओ सुशीला करनानी, पीएमओ डॉ. बीएल मीणा समेत अन्य अधिकारी थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *