नशीली गोलियां और हेरोइन के साथ 6 काबू, अलग-अलग थानों की कार्रवाई

लुधियाना| लुधियाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए नशे का सेवन और तस्करी करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीली गोलियां, हेरोइन और नशा सेवन में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। पहली कार्रवाई डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने की। पुलिस ने मिलिट्री कैंप के पास पैदल आ रहे धक्का कॉलोनी निवासी यश को शक के आधार पर रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 18 नशीली गोलियां बरामद हुईं, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं सलेम टाबरी थाना पुलिस ने गगनदीप कॉलोनी निवासी सोनिया को सरकारी गोदाम, भटिया के पास से 4 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। डिवीजन नंबर 1 की पुलिस ने लोकल बस अड्डा के पास रहने वाले नीतन को लक्कड़ पुल के पास से 15 नशीली गोलियों के साथ काबू किया। सदर थाना पुलिस ने धांधरा रोड निवासी अजय को बीसीएम स्कूल के पास से 3 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। इसके अलावा सराभा नगर थाना पुलिस ने इरफान को, जबकि लाडोवाल थाना पुलिस ने कर्ण को नशा सेवन में इस्तेमाल होने वाले सामान एक लाइटर, 10 रुपए का नोट और एक सिल्वर पन्नी के साथ गिरफ्तार किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *