भास्कर न्यूज |लुधियाना बीआरएस नगर इलाके में पार्क में लगे पेड़ों की अवैध कटाई को रोकने पर एक व्यक्ति से मारपीट की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर थाना सराभा नगर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता जंग बहादुर सिंह निवासी बीआरएस नगर ने पुलिस को बताया कि उनके घर के पास स्थित पार्क में हर साल अवैध तरीके से पेड़ों की कटाई की जाती है। इस संबंध में वे कई बार नगर निगम को शिकायत दे चुके हैं। नगर निगम अधिकारियों की ओर से आरोपियों को कई बार चेतावनी भी दी गई, लेकिन इसके बावजूद अवैध कटाई जारी रही। जंग बहादुर सिंह के अनुसार 25 जनवरी को आरोपी एक बार फिर कुछ कश्मीरी लोगों को साथ लेकर पार्क में पेड़ काटने पहुंचे। जब उन्होंने इसका विरोध किया और वीडियो व फोटो बनानी शुरू की, तो आरोपी नाराज हो गए और उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की। हालांकि पीड़ित ने किसी तरह खुद का बचाव कर लिया। मामले की शिकायत थाना सराभा नगर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने के.बी. सिंह और जीत कपूर, दोनों निवासी बीआरएस नगर, के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।


