रतलाम के नामली में मंगलवार दिनदहाड़े एक सूने मकान में चोरी का वारदात हो गई। चोर घर में से सोने-चांदी के जेवर समेत करीब 30 हजार रुपए चुरा ले गए। घटना के समय मकान मालिक अपने खेत पर गए थे। जबकि इनकी पत्नी व बेटी गांव गए थे। मकान मालिक खेत से लौटे तो घर के ताले टूटे मिले। चोरी की वारदात नामली के वार्ड नंबर 6 में रहने वाले सुरेश धाकड़ के यहां हुई। मंगलवार सुबह 11 बजे वह अपने खेत पर गए। पत्नी बीना, बेटी संजना (19) गांव नौगांवा कलां गए थे। घर सूना था। शाम 5 बजे जब सुरेश धाकड़ घर लौटे तो मेनगेट का ताला टूटा हुआ दिखा। घर के अंदर गए तो गोदरेज अलमारी का दरवाजा खुला है और लॉक टूटा मिला। कपड़े व सामान बिखरे मिले। अलमारी में देखा तो सोने का 1 मंगलसूत्र, 1 अंगूठी और 350 ग्राम वजनी चांदी की दो जोड़ी पाएजब और 30 हजार रुपए नहीं मिले। चोरी गए आभूषणों की कीमत लाखों रुपए की बताई जा रही है। डॉग स्क्वाड के साथ पुलिस पहुंची चोरी की सूचना पर नामली थाना प्रभारी गायत्री सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। घटना स्थल का मुआयना किया। मौके पर एफएसएल, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वॉड भी पहुंचा। आसपास के सीसीटीवी फूटेज चैक किए। दो संदिग्ध दिखाई दिए है। दिनदहाड़े चोरी से फैली सनसनी नामली में दिनदहाड़े चोरी से सनसनी फैल गई। पुलिस ने चोरी की एफआईआर मंगलवार रात 8.30 बजे दर्ज की। नामली थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है। चोरों की तलाश की जा रही है।


