ढाई दशक बाद फिर उम्मीद:अटल खेल संकुल का बंद स्विमिंग पूल मई तक खुलेगा, खिलाड़ियों को 24 साल बाद फिर सौगात

ढाई दशक तक खामोश पड़े अटल खेल संकुल के स्विमिंग पूल में फिर से हलचल होने जा रही है। करीब 24 साल पहले ड्रेनेज लाइन का पानी पूल में आने लगा था। हालात ऐसे बने कि इसे बंद करना पड़ा। एक साल पहले इसके जीर्णोद्धार का काम शुरू हुआ। अब दावा है कि पूल चार माह में शुरू होगा। 24 साल में अटल खेल संकुल के आसपास का पूरा इलाका बदल चुका है। जहां पहले खुला वातावरण था, वहां अब बहुमंजिला इमारतें खड़ी हो चुकी हैं। इसी वजह से पूल को ऊपर से ढंकने का निर्णय लिया गया है। पूल को करीब 22 फीट ऊंचाई पर सफेद टेंसाइल मटेरियल से कवर किया जाएगा। यह कपड़े जैसा मजबूत होगा, जिससे धूप और धूल-धुएं से बचाव हो सकेगा। इस प्रोजेक्ट पर निगम एक करोड़ रुपए खर्च कर रहा है। मंगलवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने क्षेत्र क्रमांक-2 स्थित अटल खेल संकुल पहुंचकर पूल के काम का निरीक्षण किया। यहां स्पर्धाएं नहीं होंगी, खिलाड़ी प्रैक्टिस कर सकेंगे महापौर ने काम में तेजी लाने और चार महीने में पूल फिर से शुरू करने की बात अफसरों से कही। इससे खिलाड़ियों और शहरवासियों को फायदा मिल सकेगा। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर ने महापौर को बताया, यह स्विमिंग पूल किसी राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए नहीं, बल्कि शहर के युवाओं को सीखने और खिलाड़ियों के अभ्यास के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है। नेहरू पार्क का स्विमिंग पूल भी जल्द शुरू होगा नेहरू पार्क के स्विमिंग पूल में भी काम तेजी से चल रहा है। वहां पुरानी टाइल्स हटाकर काम शुरू कराया गया है। एक महीने में निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद सवा महीने के भीतर नेहरू पार्क का स्विमिंग पूल भी शुरू करने की स्थिति में होगा। गौरतलब है कि पूर्व में निगम इसे जनवरी में शुरू करना चाहता था, लेकिन पार्क में जमा कबाड़ हटाने के चलते काम पूरा नहीं होने के कारण अब मार्च तक शुरू करने की योजना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *