एलआईजी से नौलखा एलिवेटेड कॉरिडोर का काम 15 फरवरी से पहले शुरू होगा, 2 साल में बनाने का दावा

एबी रोड पर बीआरटीएस हटाने के साथ बॉटल नेक वाले एलआईजी से नौलखा चौराहा तक के हिस्से में अब तय हो गया है कि यहां फ्लायओवर नहीं, पूर्व में प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर ही बनेगा। जिला प्रशासन ने पूरा प्लान बना लिया है। दावा है कि 15 फरवरी से पहले काम शुरू हो जाएगा। 2 साल में तैयार होगा। 2021 में जारी वर्क ऑर्डर के बाद इसे लेकर लगातार असमंजस था कि एलिवेटेड बनने से ज्यादा फायदा नहीं मिलेगा। हालांकि अब जो रिपोर्ट प्रशासन ने बनाई है, उसके मुताबिक इस पर से 60 प्रतिशत ट्रैफिक ऊपर चलने लगेगा। साथ ही सात चौराहों पर जो ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती थी, वह नहीं बनेगी। इस एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण पीडब्ल्यूडी की ही ब्रिज सेल यूनिट करेगी। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक सेंट्रल रोड फंड से बनने वाला यह कॉरिडोर लगभग 7.40 किमी लंबा और फोर लेन होगा। इसकी लागत करीब 350 करोड़ रुपए आएगी। यह कॉरिडोर एलआईजी चौराहा, पलासिया, गीता भवन, शिवाजी वाटिका, जीपीओ, इंदिरा गांधी प्रतिमा होते हुए नौलखा चौराहे तक जाएगा। मालूम हो, दिसंबर में मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए फैसले के बाद इसे लेकर कलेक्टर ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन की भी सहमति ली है। अगले माह से कॉरिडोर के फाउंडेशन का काम शुरू होगा
ठेकेदार एजेंसी ने साइट पर आरएमसी प्लांट, कैंप और साइट ऑफिस स्थापित कर दिया है। फरवरी 2026 से फाउंडेशन का काम शुरू किया जाएगा। वर्तमान में इस रोड पर 9 प्रमुख इंटरसेक्शन हैं, जहां पीक ऑवर्स में ट्रैफिक दबाव 6500 पीसीयू (पैसेंजर कार यूनिट) प्रति घंटे तक रहता है। कॉरिडोर पर तीन प्रमुख भुजाएं उतरेंगी। पहले चरण में एलआईजी से शिवाजी वाटिका के बीच काम शुरू होगा। ट्रैफिक सुधार में बड़ा कदम, बस समय पर पूरा हो
एलआईजी से नौलखा एलिवेटेड कॉरिडोर इंदौर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने वाला प्रोजेक्ट है। दावा है कि इसके बनने से न सिर्फ जाम की समस्या कम होगी, बल्कि शहर को एक तेज, सुरक्षित और आधुनिक यातायात मार्ग भी मिलेगा। बस जरूरत है, यह समय पर पूरा हो। साथ ही शहर के सबसे व्यस्त चौराहों पलासिया, गीता भवन, शिवाजी वाटिका, जीपीओ और एमवायएच चौराहा पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। 15 फरवरी से पहले काम शुरू कर देंगे
एलिवेटेड कॉरिडोर की सारी प्लानिंग हो चुकी है। जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा और मुख्यमंत्री के निर्देश के मुताबिक 15 फरवरी से पहले काम शुरू कर देंगे। संबंधित एजेंसी और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से भी चर्चा हो चुकी है।
– शिवम वर्मा, कलेक्टर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *