पिकअप लेकर आए चार नकाबपोश:दो मकानों को बनाया निशाना, सीसीटीवी में कैद हुए चोर, गैस सिलेंडर, मोटर और बर्तन पार, पड़ोसी के जागने से टली बड़ी चोरी

गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र के बड़ागांव कस्बे में रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। सूरत अतिथि भवन के पास स्थित दो सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोर पिकअप गाड़ी लेकर आए थे और पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुटी है। चोरों ने वारदात से पहले इलाके की अच्छी तरह रेकी की थी। रात करीब 2:35 बजे चार संदिग्ध युवक पिकअप गाड़ी के साथ मोहल्ले में पहुंचे। चोरों ने सबसे पहले बजरंग सिंह शेखावत और भवानी सिंह शेखावत के मकानों को निशाना बनाया। बजरंग सिंह पिछले करीब आठ माह से जयपुर में रह रहे हैं, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। बजरंग सिंह के सूने मकान से चोरों ने हाथ साफ करते हुए पीतल के बर्तन, गैस सिलेंडर, पानी की मोट और अन्य घरेलू सामान चोरी किया। मकान मालिक के जयपुर से लौटने के बाद ही चोरी गए कुल माल की सटीक जानकारी और कीमत का खुलासा हो सकेगा। बजरंग सिंह के घर चोरी करने के बाद हौसला पस्त होने के बजाय चोरों ने ठीक सामने स्थित भवानी सिंह शेखावत के मकान का ताला तोड़ा। चोर घर के अंदर घुस ही रहे थे कि तभी पड़ोसी जितेन्द्र सिंह शेखावत की आंख खुल गई। आहट पाकर उन्होंने शोर मचाना शुरू किया, जिससे घबराकर चोर अपनी पिकअप गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ागौड़जी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी फुटेज में चार युवक संदिग्ध अवस्था में पिकअप गाड़ी के साथ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने नाकाबंदी कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है और ग्रामीणों से भी संदिग्धों के बारे में जानकारी साझा करने की अपील की है। थानाधिकारी सुरेश रोलन ने बताया कि हमने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *