गिरिडीह में कोयला लदी बाइक और कार की टक्कर:बाइक सवार गंभीर, कार चालक को लगी चोट, स्थानीय लोगों ने की मदद

गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिहर धाम रोड पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रात करीब दस बजे कोयला लदी बाइक और एक कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि कार चालक को भी चोटें आई हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और बाइक पर लदा कोयला सड़क पर फैल गया, जिससे कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने की मदद स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक सवार हजारीबाग की ओर से बगोदर की तरफ कोयला लेकर आ रहा था। वहीं दूसरी ओर से कार बगोदर से हरिहर धाम रोड होते हुए जा रही थी। इसी दौरान अचानक दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को सड़क से हटाया और तत्काल बगोदर थाना पुलिस को सूचना दी। लोगों की मदद से घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। बाइक और कार पुलिस ने किया जब्त सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी बिनय कुमार यादव ने बताया कि दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने लाया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *