सलूंबर में कांग्रेस नेता का विवादित बयान चर्चा में है। यूथ कांग्रेस के प्रदेश संयोजक रोहित भट्ट ने कहा- बीजेपी हिंदुओं की बात करती हैं लेकिन बीजेपी के बड़े लीडर मुरली मनोहर जोशी, लाल कृष्ण आडवाणी,शाहनवाज हुसैन के दामाद मुसलमान है। ये लोग इस बारे में आपको नहीं बताएंगे। पत्रकार और मीडिया आपको ऐसी बात नहीं बताएंगा। इन लोगों (बीजेपी) को सिर्फ हिंदू के नाम से वोट चाहिए। भट्ट ने मंगलवार को ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत विरोध-प्रदर्शन के दौरान मंच से ये बयान दिया। हालांकि बयान के बाद कांग्रेस नेता ने मंच के आस-पास बैठे मुस्लिम पदाधिकारियों से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि यहां माइनॉरिटी के लोग भी बैठे हैं, वे बुरा न मानें। सोशल मीडिया पर भट्ट के इस बयान का वीडियो भी सामने आया है। विरोध-प्रदर्शन में सीडब्ल्यूसी सदस्य रहे और उदयपुर कांग्रेस के देहात जिलाध्यक्ष रघुवीर मीणा, सलूंबर जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता, पूर्व विधायक नगराज मीणा, विधायक प्रत्याशी रेशमा मीणा भी मौजूद थे। बीजेपी नेताओं ने जताई आपत्ति, पढ़िए-
1- भट्ट के बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है। बीजेपी के देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कहा कि वे सार्वजनिक माफी मांगें। गलत और अपमानजनक बयान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे।
2- जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि सिर्फ लोकप्रियता पाने के लिए ओछी मानसिकता से यह बयान दिया गया है। दोनों नेताओं के परिवार में ऐसा कोई कनेक्शन नहीं रहा है। सलूंबर जिलाध्यक्ष बोले- बयान से पार्टी का लेना-देना नहीं
कांग्रेस के सलूंबर जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता ने कहा- मनरेगा को लेकर दो सेशन में मंगलवार को कार्यक्रम तय था। पहले सेशन में यूथ का कार्यक्रम था, जहां हम लोग नहीं थे। दूसरे सेशन में कांग्रेस के नेता मौजूद थे। यूथ नेता रोहित की ओर से दिया गया बयान पार्टी का नहीं है। उन्होंने जोश में कुछ बोल दिया होगा। मेहता ने कहा कि कुछ लोगों ने उन्हें भी इस बारे में बताया लेकिन लगातार कार्यक्रमों में बिजी होने के कारण वे वीडियो नहीं देख पाए। जल्द ही पूरी पड़ताल के बाद कुछ टिप्पणी कर पाएंगे। यदि यूथ लीडर की गलती हुई तो जरूर कार्रवाई करेंगे। विवाद के बाद मांगी माफी
मामले पर यूथ कांग्रेस के प्रदेश संयोजक रोहित भट्ट ने सफाई देते हुए कहा- सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली थी, इसके चलते गलत बयान दे दिया था। मैंने खेद भी प्रकट कर दिया है। कांग्रेस ने बीजेपी के दोनों नेताओं को विपक्ष रहते हुए भी खूब सम्मान दिया था। मेरी मंशा किसी के सम्मान को ठेस पहुंचाने की नहीं थी।


