भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिले में सड़क हादसों पर रोक लगाने और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए नवपदस्थ एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत नशे में वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने और मोडिफाइड साइलेंसर उपयोग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन व्यक्ति के साथ-साथ पूरे समाज के लिए खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि नशे में वाहन चलाने वालों पर शून्य सहनशीलता बरती जाए, तेज रफ्तार वाहनों को रोका जाए, मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाए और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों से जुर्माना वसूला जाए। इसी क्रम में 26 जनवरी की शाम सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 10 मामलों में कार्रवाई की। इनमें मोडिफाइड साइलेंसर, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाने, नशे में वाहन चलाने और मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंट करने जैसे मामले शामिल हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों को माननीय न्यायालय में पेश कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कप्तान ने बताया कि जशपुर पुलिस द्वारा यातायात नियमों के पालन और उसके महत्व को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने से न केवल स्वयं का जीवन सुरक्षित रहेगा, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी बचाई जा सकती है।


