भास्कर न्यूज | राजनांदगांव जिले में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह से मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली और जनसमुदाय को संबोधित किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। विधानसभा अध्यक्ष ने उल्लास एवं उमंग के प्रतीक रंगीन गुब्बारे छोड़े तथा ध्वजारोहण उपरांत परेड का निरीक्षण किया। परेड द्वारा हर्ष फायर एवं तिरंगे को सलामी दी गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। शहीदों के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। परेड का नेतृत्व कमांडर रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर ने किया। परेड टू-आईसी का दायित्व उप निरीक्षक राकेश पटेल थाना बसंतपुर ने निभाया। समारोह में कुल 14 प्लाटूनों ने भाग लिया। आर्म्स एवं अन आर्म्स प्लाटून ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। कार्यक्रम में कलेक्टर जितेन्द्र यादव, एसपी अंकिता शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


