हरियाणा में निकाय चुनाव की घोषणा आज:मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई; 8 निगम-26 नगर परिषद-पालिका में वोटिंग होगी

हरियाणा के 8 नगर निगमों, 22 नगर पालिका और 4 नगर परिषद के चुनाव की घोषणा आज (4 फरवरी) को होगी। इसे लेकर हरियाणा निर्वाचन आयोग की ओर से शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी धनपत सिंह इसकी घोषणा करेंगे। चुनावों की अधिसूचना से लेकर नतीजों तक पूरी चुनावी प्रक्रिया में लगभग 25 दिन लगेंगे। अभी तक यह तर्क दिया जा रहा था कि विभिन्न दलों के पार्टी कैडर की एक बड़ी संख्या 5 फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनावों में व्यस्त होगी, इस कारण से 5 फरवरी के बाद चुनावों का ऐलान होगा। हाईकोर्ट में सरकार ने 4 जनवरी डेट दी थी
हरियाणा सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में एक केस की सुनवाई के दौरान भरोसा दिलाया था कि 4 जनवरी से पहले चुनाव की घोषणा कर दी जाएगी। 4 फरवरी तक चुनाव संपन्न करा दिए जाएंगे। राज्य ने हाईकोर्ट को जानकारी दी थी कि परिणामों की घोषणा के लिए अंतत: पूरी प्रक्रिया एक महीने के भीतर पूरी कर ली जाएगी। राज्य द्वारा आश्वासन एक याचिका के जवाब में दिया गया, जिसमें नगर निकाय चुनाव कराने के निर्देश मांगे गए थे। एक चरण में होंगे निकाय चुनाव
निकाय चुनाव एक ही चरण में होंगे। इसे लेकर सरकार में मंथन हो चुका है। पहले यह लगभग तय हो चुका था कि जनवरी के आखिरी या फरवरी के पहले सप्ताह में चुनाव होगा। कोर्ट में भी यही कहा गया था कि फरवरी तक चुनाव करा लिए जाएंगे, लेकिन अब एक चरण में चुनाव कराने का फैसला लगभग ले लिया गया है। राज्य में निकायों की वोटर लिस्ट का फाइनल ड्राफ्ट जा चुका है। पहले 2 चरण में होने थे चुनाव
पहले नगर निकायों के 2 चरणों में चुनाव होने थे। पहले चरण में 3 नगर निगम, 3 नगर परिषद और 20 नगर पालिकाओं के चुनाव कराने की बात कही गई थी। पहले चरण में गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर नगर निगम तो अंबाला कैंट, पटौदी और सिरसा नगर परिषद को शामिल किया गया था। जबकि, बराड़ा, बवानी खेड़ा, लोहारू, सिवानी, फर्रुखनगर, जाखल मंडी, नारनौंद, बेरी, जुलाना, कलायत, पूंडरी, इंद्री, नीलोखेड़ी, अटेली मंडी, कनीना, तावडू, हथीन, कलानौर, खरखौदा और रादौर नगरपालिकाएं शामिल थीं। पानीपत, हिसार, रोहतक और यमुनानगर को दूसरे चरण के चुनाव में शामिल किया गया था। थानेसर और कालांवाली के चुनाव भी दूसरे चरण में शामिल थे। पार्टी चिन्ह पर ही चुनाव लड़ेगी भाजपा
विधानसभा चुनाव में जीत के बाद हरियाणा भाजपा पहले ही घोषणा कर चुकी है कि वह सभी नगर पालिकाओं का चुनाव अपने पार्टी चिन्ह पर लड़ेगी। कांग्रेस परंपरागत रूप से मेयर सहित नगर निगमों का चुनाव अपने पार्टी चिन्ह पर लड़ती है। हालांकि, इस आशय का औपचारिक निर्णय अभी पार्टी आलाकमान द्वारा लिया जाना बाकी है। आम आदमी पार्टी (AAP) भी सभी एमसी चुनाव पार्टी चिन्ह पर लड़ने की घोषणा कर चुकी है। प्रदेश में अन्य पार्टियां भी पार्टी चिन्ह पर चुनाव लड़ती हैं। कुछ नगर निकायों में ‘समान विचारधारा’ वाले उम्मीदवारों का समर्थन भी करती हैं। चुनाव आयुक्त बोले- EVM से होंगे चुनाव
राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने बताया है कि प्रदेश में निकाय चुनाव EVM से कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में 46 निकायों और पिछले साल पंचायत चुनाव भी EVM से ही कराए थे। हैदराबाद से आए इंजीनियरों द्वारा प्रदेश में जिला स्तर पर EVM की जांच का काम पूरा कर लिया गया है। आयोग EVM के माध्यम से चुनाव करवाने के लिए तैयार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *