डूंगरपुर के सागवाड़ा शहर के वार्ड नंबर 22 स्थित सैफिया स्कूल मोहल्ले के निवासी पिछले एक साल से अधूरी सीवरेज लाइन के काम से परेशान हैं। सड़कों और नालियों की खराब स्थिति के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई न होने पर अब मोहल्लेवासियों ने आगामी चुनावों में मतदान के बहिष्कार की चेतावनी दी है। आरयूआईडीपी द्वारा सागवाड़ा नगर में सीवरेज का कार्य किया जा रहा है। इसी के तहत सैफिया स्कूल मोहल्ला क्षेत्र में करीब एक साल पहले सीवरेज लाइन डालने का काम शुरू हुआ था, लेकिन आरयूआईडीपी की कथित अनदेखी के कारण यह कार्य अधूरा पड़ा है। सड़कें और नालियां खुदी हुई हैं, जिससे घरों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। मोहल्ले में सैफिया स्कूल होने के कारण बच्चों का आवागमन अधिक रहता है। टूटी सड़कों और कीचड़ भरे गंदे पानी के कारण स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि कुछ ही दिनों में रमजान का पाक महीना शुरू होने वाला है, जिसमें नमाज अदा करने के लिए मस्जिद जाना अनिवार्य होता है। सड़कों की मौजूदा स्थिति में साफ-सफाई के साथ मस्जिद तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। मोहल्लेवासियों ने इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन को कई बार सूचित किया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लंबे समय से शिकायतों पर ध्यान नहीं दिए जाने से आक्रोशित निवासियों ने अब कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि रमजान शुरू होने से पहले सीवरेज लाइन का कार्य पूरा कर सड़कों को दुरुस्त नहीं किया गया, तो वे आगामी चुनावों में मतदान का बहिष्कार करेंगे।


