झारखंड के चाईबासा वन प्रमंडल के टोंटो और झींकपानी थाना क्षेत्र में हाथियों की आपसी भिड़ंत में एक हाथी की मौत हो गई। टोंटो थाना क्षेत्र के सागरकाट्ठा और रोंमारा गांव के बीच मृत हाथी का शव मिला। घटनास्थल से हाथी का दांत गायब पाया गया, जिससे वन विभाग में चिंता बढ़ गई है। वन विभाग के अनुसार, झींकपानी क्षेत्र में हाथियों का एक झुंड सक्रिय था। मंगलवार देर रात झुंड के दो नर हाथियों के बीच वर्चस्व को लेकर हिंसक झड़प हुई। इस संघर्ष में एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टीम के पहुंचने पर दांत गायब मिला विभाग ने बताया कि भिड़ंत के दौरान हाथी का एक दांत टूटकर अलग हो गया था। हालांकि, बुधवार सुबह जांच टीम के पहुंचने से पहले ही वह दांत वहां से गायब मिला। चाईबासा के वन प्रमंडल पदाधिकारी आदित्य नारायण अपनी टीम के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं और मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। वन विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि दांत किसी ग्रामीण ने उठाया है या इसके पीछे किसी अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का हाथ है। ड्रोन और गश्ती दलों के माध्यम से पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। ट्रेनों का परिचालन लगभग एक घंटे तक बाधित रहा इसी बीच, चाईबासा-डंगवापोसी रेल खंड पर झींकपानी के पास हाथियों का एक अन्य झुंड रेल की पटरियों पर आ गया। इससे हावड़ा-मुंबई मुख्य मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन लगभग एक घंटे तक बाधित रहा। वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) ने मशालों और सायरन का उपयोग कर हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा, जिसके बाद रेल यातायात बहाल हो सका। विभाग का मुख्य उद्देश्य अब लापता दांत की बरामदगी और झुंड के बाकी हाथियों को सुरक्षित वन क्षेत्र में वापस भेजना है।


