पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत, सामाजिक सुरक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग, पंजाब, जिला प्रशासन के सहयोग से ‘हमारे बुजुर्ग, हमारा अभिमान’ अभियान के तहत एक विशेष शिविर का आयोजन करेगा।यह शिविर वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए 6 फरवरी, 2026 को सुबह 10:00 बजे सिविल अस्पताल तरनतारन में लगाया जाएगा। इस विशेष शिविर की तैयारियों को लेकर सहायक आयुक्त (जनरल) डॉ. करणवीर सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। डॉ. करणवीर सिंह ने बताया कि 6 फरवरी को लगने वाले इस शिविर में बुजुर्गों का मेडिकल चेकअप किया जाएगा। मुफ्त में दी जाएंगी दवाइयां इसमें आंखों, नाक, कान, गले, हड्डियों से जुड़ी समस्याओं, फिजियोथेरेपी, छाती संबंधी समस्याओं, रक्त और शुगर की जांच शामिल होगी। जांच के बाद उन्हें मुफ्त दवाइयां भी दी जाएंगी।इसके अतिरिक्त, सीएम योग शाला के योग विशेषज्ञ बुजुर्गों को स्वस्थ रहने के लिए विभिन्न योगासनों की जानकारी देंगे। बुजुर्गों को शिविर में मिलेगी सहायता बता दे कि यह पहल बुजुर्गों को शारीरिक और मानसिक रूप से सक्रिय रखने में मदद करेगी।शिविर में उन पुरुष बुजुर्गों (65 वर्ष से अधिक) और महिला बुजुर्गों (58 वर्ष से अधिक) के लिए बुढ़ापा पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे, जिनकी पति-पत्नी दोनों की जमीन की सीमा ढाई एकड़ नहरी या 5 एकड़ बारिश से उपजाऊ जमीन है। आवश्यकता पड़ने पर मिलेगी कानूनी सहायता जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण बुजुर्गों को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक करने के लिए एक विशेष स्टॉल लगाएगा और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता भी प्रदान करेगा। अन्य विभाग भी बुजुर्गों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाएंगे। प्रशासन ने की अपील सहायक आयुक्त डॉ. करणवीर सिंह ने तरनतारन जिले के लोगों से अपील की है कि वे अपने बुजुर्गों को इस शिविर में लाएं और सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत बुजुर्गों के सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


