अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस के थाना बी-डिवीजन ने सोने की लूट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 152 ग्राम चोरी किया गया सोना, 4 लाख रुपए नकद और एक डबल बैरल बंदूक बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी एक संगठित गिरोह के तौर पर काम कर रहे थे। इन्होंने अमृतसर के सुल्तानविंड रोड पर स्थित एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया। आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में गए और मौका पाकर सोने की लूट कर फरार हो गए। सीसीटीवी और खुफिया सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही थाना बी-डिवीजन की पुलिस ने जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी का सोना, नकदी और हथियार भी मिले हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
इस मामले में थाना बी-डिवीजन, अमृतसर में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने साफ किया है कि शहर में अपराध को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती रहेगी और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है।


