हनुमानगढ़ जिले के भादरा कस्बे में चोरों ने हरियाणा रोडवेज की पूरी बस चुरा ली। यह घटना 26 जनवरी की रात को हुई और 27 जनवरी की सुबह ड्राइवर को बस गायब मिली।
इस संबंध में भादरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिसके बाद परिवहन विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो के ड्राइवर देवीदयाल ने भादरा थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। देवीदयाल के अनुसार, वह बस संख्या HR 39 GV 7175 पर हिसार से भादरा मार्ग पर ड्यूटी कर रहे थे। उन्होंने 26 जनवरी की शाम करीब 6:30 बजे बस को भादरा बस स्टैंड पर खड़ा किया था। अगली सुबह 27 जनवरी को जब वह करीब 7 बजे बस स्टैंड पहुंचे, तो बस वहां से गायब थी। आसपास तलाश करने और पूछताछ के बाद भी बस का कोई सुराग नहीं मिला। CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर भादरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हेड कॉन्स्टेबल भूपसिंह इस मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
आमतौर पर बाइक और कार चोरी की घटनाएं आम होती हैं, लेकिन रोडवेज बस जैसी बड़ी और भारी वाहन की चोरी का यह पहला मामला है। इस घटना ने न सिर्फ पुलिस बल्कि आमजन को भी हैरानी में डाल दिया है और बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


