कपूरथला जिले के सुभानपुर थाना क्षेत्र से एक 16 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा 26 जनवरी को स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी। छात्रा की मां ने नडाला निवासी हर्षदीप जोशी नामक युवक पर अपनी बेटी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला की शिकायत पर सुभानपुर थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 359 और 366-ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी (एसएचओ) बिक्रमजीत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच अधिकारी एएसआई दलजीत सिंह आरोपी और लापता छात्रा की तलाश के लिए छापेमारी कर रहे हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। एसएचओ बिक्रमजीत सिंह ने आगे बताया कि पुलिस ने जांच तेज कर दी है और जल्द ही छात्रा को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।


