धनबाद बार एसोसिएशन के रास्ते को जिला प्रशासन द्वारा बंद किए जाने के विरोध में अधिवक्ताओं ने बुधवार को विरोध मार्च निकाला। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि रास्ता जल्द बहाल नहीं किया गया तो गुरुवार से धनबाद में अनिश्चितकालीन न्यायिक कार्य बंद रहेगा। यह रास्ता सदर अस्पताल परिसर के भीतर स्थित था और धनबाद बार एसोसिएशन के लिए आवागमन का मुख्य मार्ग था। अधिवक्ता कई दिनों से इस रास्ते का उपयोग आने-जाने और वाहन पार्किंग के लिए कर रहे थे। हाल ही में जिला प्रशासन ने इस रास्ते को बाउंड्री वॉल बनाकर पूरी तरह बंद कर दियाै। धनबाद कोर्ट परिसर से रणधीर वर्मा चौक तक विरोध मार्च रास्ता बंद किए जाने के विरोध में बुधवार को धनबाद बार एसोसिएशन से जुड़े सभी अधिवक्ताओं ने धनबाद कोर्ट परिसर से रणधीर वर्मा चौक तक विरोध मार्च निकाला। इस दौरान अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्या के तत्काल समाधान की मांग की। अधिवक्ताओं का कहना है कि बार एसोसिएशन का भवन भी इसी मार्ग से जुड़ा हुआ है। रास्ता अचानक बंद होने से न केवल अधिवक्ताओं को बल्कि न्यायालय आने वाले आम लोगों को भी असुविधा हो रही है। बार एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर जिला प्रशासन से कई बार बातचीत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला और कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। बार एसोसिएशन के महासचिव जितेंद्र कुमार ने कहा कि अधिवक्ता कानून के रक्षक हैं और हमेशा प्रशासन का सहयोग करते आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि रास्ता जल्द बहाल नहीं किया गया तो गुरुवार से धनबाद में अनिश्चितकालीन न्यायिक कार्य बंद रहेगा।


