बूंदी कृषि मंडी के विस्तार की मांग:विधायक हरिमोहन शर्मा ने सीएम को लिखा लेटर, नए डोम और ओपन प्लेटफॉर्म बनाने की जरूरत

बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेटर लिखकर कृषि उपज मंडी बूंदी के विस्तार की मांग की है। उन्होंने मंडी में नए डोम और ओपन प्लेटफॉर्म के निर्माण की भी सिफारिश की। विधायक शर्मा ने लेटर में बताया कि वर्तमान कृषि मंडी एशिया की सबसे बड़ी मंडियों में से एक है। यहां धान और अन्य फसलों की बंपर आवक होती है, जिसमें राजस्थान सहित अन्य राज्यों से भी फसलें अच्छे भाव के कारण बूंदी मंडी में आती हैं। उन्होंने बताया कि मंडी वर्तमान में 360 बीघा में फैली हुई है और इसके पास ही सरकार की 100 बीघा से अधिक भूमि पड़ी है। शर्मा ने मुख्यमंत्री से इस भूमि को कृषि उपज मंडी बूंदी कृषि विपणन विभाग को स्थानांतरित कर मंडी का विस्तार करने की मांग की। उनका तर्क है कि इससे किसानों और व्यापारियों को समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा और व्यापार के नए रास्ते खुलेंगे। शर्मा ने यह भी मांग की कि कृषि विपणन विभाग को निर्देशित किया जाए कि वह नियमानुसार नवीन तखमीना बनाकर बूंदी मंडी में एक नया डोम और एक ओपन प्लेटफॉर्म के निर्माण कार्य की घोषणा करे। इससे जगह के अभाव के कारण किसानों को मंडी में परेशानी नहीं होगी। विधायक शर्मा ने बताया कि इन मुद्दों के संबंध में वर्तमान विधानसभा सत्र में आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा उनकी अनुशंसा पर मंडी में 20 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए थे, जिनका लाभ आज किसान वर्ग को मिल रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *