जबलपुर में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने बीच सड़क पर मारपीट की है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। यह घटना बुधवार की जबलपुर के आधारताल क्षेत्र की है, जहां पड़ोस में रहने वाले लड़कों ने बीच सड़क पर एक महिला के साथ मारपीट की। ट्रांसपोर्ट का काम करती है महिला आधारताल में रहने वाली 40 वर्षीय अंजू पांडे ट्रांसपोर्ट का काम करती हैं। उनके पास कुछ गाड़ियां हैं। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले राहुल यादव, भीषू बंगाली और रोहित यादव अक्सर उनसे गाड़ी मांगते थे। एक-दो बार पड़ोसी होने के नाते उन्होंने गाड़ी दे भी दी, लेकिन इन लोगों ने इसे रोज का काम बना लिया। जब अंजू पांडे ने गाड़ी देने से मना किया तो उनसे पैसों की मांग की जाने लगी। परेशान होकर जब अंजू पांडे ने इसका विरोध करना शुरू किया तो आरोपियों ने उनके घर के सामने गाली-गलौच शुरू कर दी। गाली देकर घर से बाहर बुलाया बुधवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे राहुल यादव अपने दोस्तों और परिवार वालों के साथ अंजू पांडे के घर के बाहर पहुंचा और गाली देकर बाहर बुलाने लगा। आवाज सुनकर जैसे ही युवती बाहर निकली, राहुल ने उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और फिर उसके साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उसके दोस्त भीषू बंगाली, रोहित यादव और परिवार की महिलाएं सुनीता यादव व बबीता यादव भी मौजूद थीं। बच्ची को भी आरोपियों ने पीटा अंजू पांडे का कहना है कि क्षेत्र में आरोपियों की दबंगई के कारण कोई भी उनके खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं करता। आज सुबह भी इन लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इसी बीच जब उनकी पांच साल की बच्ची उन्हें बचाने आई तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। महिला का कहना है कि आरोपी पड़ोस में रहते हैं और अक्सर उधारी के पैसे मांगते हैं। वे उनके अकेले रहने का फायदा उठा रहे थे। शुरुआत में उन्होंने उनकी बातें मान भी लीं, लेकिन जब बहुत ज्यादा परेशान करने लगे तो उनसे बातचीत बंद कर दी, जिससे नाराज होकर उन्होंने हमला कर दिया। मकान पर भी है नजर अंजू पांडे का कहना है कि वे कुछ सालों से यहां किराए पर रह रही हैं। हाल ही में जिस मकान में वे रह रही हैं, उसे खरीदने के लिए उन्होंने मकान मालिक को एडवांस भी दे दिया है। लेकिन राहुल और उसके परिवार वाले चाहते हैं कि वे कुछ पैसे लेकर मकान खाली कर कहीं और चली जाएं। पीड़िता ने बताया कि इससे पहले उन्होंने सीएम हेल्पलाइन और आधारताल थाना पुलिस में कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए और आज यह स्थिति बन गई। एएसपी ने दिए जांच के आदेश महिला की शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि अंजू पांडे की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों पर युवती और उसकी मासूम बेटी के साथ मारपीट करने के आरोप हैं। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश कर रही है।


