मंदिर में हाथ जोड़कर 16लाख के आभूषण ले गए चोर:करीब 4 किलो चांदी की ज्वैलरी की चोरी, 3 चोर देर रात में आए थे

उज्जैन के पास घट्टिया क्षेत्र के ग्राम नजरपुर में स्थित प्रसिद्ध और अति प्राचीन आशापुरी मां भवानी माता मंदिर में मंगलवार देर रात करीब 16 लाख रुपये के चांदी के आभूषण चोरी हो गए। इस सनसनीखेज चोरी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें एक चोर माताजी को प्रणाम कर पैर छूता है और फिर करीब 4 किलो से अधिक रजत आभूषण चोरी कर फरार हो जाता है। घट्टिया के पास बीती रात करीब 3:15 बजे आशापुरी मंदिर में नकाबपोश तीन चोर पहुंचे। इनमें से एक चोर खिड़की के रास्ते मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करता है। सबसे पहले वह मंदिर में दर्शन कर माता को नमन करता है, इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम देता है। बदमाश ने पहले रजत आभूषण निकाले, फिर मंदिर में लगा बड़ा रजत छत्र निकालने की कोशिश की। जब उसका हाथ वहां तक नहीं पहुंचा तो वह दो डिब्बे लेकर आया और उनकी मदद से बड़ा छत्र उतार लिया। लाइव सीसीटीवी फुटेज में तीनों चोर कैद हुए हैं। चोरों ने माता जी का चांदी का छत्र, नथनी, हार सहित लगभग 4 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। जूते पहनकर गर्भगृह में घुसा चोर सीसीटीवी फुटेज में एक चोर सोल पहनकर और जूते सहित माता जी के ओटले पर चढ़कर चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है, जबकि दो अन्य चोर खिड़की के पास खड़े नजर आते हैं। सूचना मिलते ही घट्टिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी करण खोवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया है। साथ ही आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *