नीमच शहर में पुलिस की दबंगई और नशेबाजी का एक मामला सामने आया है। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के जेतपुरा फंटे के पास बुधवार सुबह पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक जयराम मेघवाल ने शराब के नशे में धुत होकर एक सब्जी विक्रेता की बाइक को टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरक्षक ने पीड़ित को गालियां दीं और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इस घटना के बाद आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है। यह घटना तब हुई जब आरक्षक जयराम मेघवाल ने सड़क किनारे बाइक पर सब्जी बेच रहे सुरेंद्र सिंह राणावत को अपनी गाड़ी से टक्कर मारी। टक्कर लगने के बाद जब सुरेंद्र सिंह ने आरक्षक से सावधानी से गाड़ी चलाने को कहा, तो आरक्षक आगबबूला हो गया। उसने अपनी वर्दी का रौब दिखाते हुए पीड़ित को सरेआम भद्दी गालियां दीं और उसे झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। पीड़ित ने इस बदसलूकी का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही करणी सेना के जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह चौहान, समाजजन और ग्रामीण नीमच सिटी थाने पहुंचे। उन्होंने इस घटना पर जमकर आक्रोश व्यक्त किया। करणी सेना जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि गिरदौड़ा निवासी सुरेंद्र सिंह मेहनत-मजदूरी कर अपना गुजारा करता है। उन्होंने आरक्षक के इस व्यवहार को बर्दाश्त के बाहर बताया और आरोपी आरक्षक जयराम मेघवाल के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई और उसे तत्काल निलंबित करने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी। सीएसपी किरण चौहान ने बताया कि शराब के नशे में धुत पुलिसकर्मी की शिकायत मिलने के बाद उस पर कार्रवाई की गई है। आरक्षक जयराम मेघवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


