कोटा में स्टूडेंटस की कमी से अब दिक्कते सामने आने लगी है। लोग लोन लेकर दुकाने, हॉस्टल खोलकर चला रहे थे लेकिन बच्चों की संख्या की कमी से आय कम हो गई है। इसका असर लोन की किश्तों पर भी नजर आ रहा है। शहर के झालावाड़ रोड स्थित प्रसिद्ध सिटी मॉल में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने लोन रिकवरी के लिए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बैंक ने मॉल के बेसमेंट में स्थित दुकान नंबर B-54 जो नानूस अड्डा के नाम से संचालित थी, उसे अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। बैंक के विधिक सलाहकार विनीत विजय ने जानकारी देते हुए बताया कि बैंक ने इस दुकान पर 65 लाख रुपए का लोन स्वीकृत किया था। पिछले काफी समय से दुकान मालिक द्वारा लोन की किस्तों का भुगतान नहीं किया जा रहा था। बैंक की ओर से इस संबंध में कई बार कानूनी नोटिस जारी कर बकाया राशि चुकाने का अवसर दिया गया, लेकिन मालिक की ओर से कोई ठोस जवाब या भुगतान नहीं मिला। विधिक सलाहकार ने बताया कि लोन की वसूली न होने पर बैंक ने कानूनी रास्ता अपनाया। कोटा की अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक के पक्ष में कब्जा लेने के आदेश जारी किए। कोर्ट के आदेशों की अनुपालना में बैंक की टीम भारी पुलिस जाब्ते के साथ सिटी मॉल पहुँची। वहां स्थित दुकान को खाली करवाकर बैंक ने आधिकारिक रूप से अपना कब्जा ले लिया। बैंक अधिकारियों ने दुकान पर अपनी सील लगा दी है और अब इस संपत्ति की नीलामी के जरिए बकाया राशि वसूल करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान मॉल में मौजूद अन्य दुकानदारों और ग्राहकों के बीच कौतूहल और हड़कंप का माहौल बना रहा।


