मोहाली में हुए राणा बलाचौरिया हत्याकांड मामले में बुधवार को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश हुए। सुनवाई के दौरान स्पेशल डीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) भी कोर्ट में मौजूद रहे। इसके अलावा एसएसपी मोहाली, डीआईजी रोपड़ रेंज और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के प्रमुख भी अदालत में उपस्थित रहे। वहीं, मामले से जुड़े गुरमीत सिंह चौहान भी सुनवाई के दौरान कोर्ट में मौजूद पाए गए। हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान जांच की प्रगति और अब तक की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए। अदालत ने पंजाब पुलिस की भूमिका और आगे की जांच प्रक्रिया को स्पष्ट करने के लिए DGP पंजाब को हलफनामा दायर करने के निर्देश दिए। कोर्ट ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए। अब इस मामले में अगली सुनवाई के दौरान पंजाब पुलिस द्वारा पेश किए जाने वाले हलफनामे के आधार पर आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।


