जोधपुर नगर निगम की टीम ने बुधवार को कागा कागडी क्षेत्र में रंगाई-छपाई करने वाली एक फैक्ट्री पर कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों और नगर निगम के बीच झड़प भी हुई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। इसके पश्चात समाज के विशेष वर्ग के लोगों ने चौराहे पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और नगर निगम की कार्रवाई का विरोध जताया। इससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसीपी मंगलेश चुंडावत भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से समझाइश की। अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया पुलिस प्रशासन द्वारा प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास किया गया, वहीं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब दो माह पूर्व नगर निगम की टीम द्वारा दो फैक्ट्रियों को सीज किया गया था। उस दौरान आवश्यक फोटोग्राफ भी लिए गए थे। नगर निगम की टीम नियमित रूप से क्षेत्र में निगरानी कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना की फैक्ट्री पर कार्रवाई से पहले नोटिस नहीं दिया गया था। निष्पक्ष कार्रवाई की मांग एसीपी मंगलेश चुंडावत ने बताया कि नगर निगम द्वारा रंगाई-छपाई के कार्यों को लेकर आज एक टीम मौके पर पहुँची, जहां नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोग काफ़ी आक्रोशित हो गए और विरोध स्वरूप धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान लोगों द्वारा एक आवेदन (एप्लीकेशन) सौंपा गया, जिस पर उच्च अधिकारियों ने मामले में निष्पक्ष एवं नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोग संतोषित हुए और अपना धरना समाप्त कर अपने-अपने घरों की ओर लौट गए। वहीं बताया कि आगे भी जो भी कार्रवाई होगी, वह पूरी तरह नियमों के तहत और निष्पक्ष रूप से की जाएगी।


