जलगांव में नौकरी और बुरहानपुर में पढ़ाई करने वाले दो दोस्त सोमवार शाम 5 बजे को अपने गांव लौट रहे थे। पल्सर बाइक पर सवार दोनों दोस्त गांव से महज 3 किलोमीटर दूर हादसे का शिकार हो गए। बाइक पुल के रेलिंग से टकराकर खाई में गिर गई। दोनों दोस्तों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, घटना खंडवा-देड़तलाई स्टेट हाईवे पर बोरखेड़ा गांव के आगे तेलिया बाबा मंदिर के पास की है। दोनों युवकों के बोरखेड़ा निवासी राहुल पिता विश्राम (23) और चंद्रशेखर पिता नारायण (22) के शव खाई से बाहर निकाले गए। चंद्रशेखर बुरहानपुर के कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रहा था। वहीं राहुल जलगांव स्थित मिल में नौकरी करता था। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया।


