पशु मेले में भेड़-बकरियों, ऊंट और घोड़ों के अलग-अलग खेल कॉम्पिटिशन होंगे। विजेता रहने वाले पशु के मालिक को पुरस्कार किया जाएगा। यह पशु मेला राजसमंद के कुरज में 1 फरवरी से लगेगा। मेला पांच दिन चलेगा। जिले के कुरज कस्बे में यह मेला राज्य सरकार की बजट घोषणा संख्या 133 (वर्ष 2024-25) के तहत न्याती पैवेलियन में होगा। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक शक्ति सिंह ने बताया- मेले के दौरान रोजाना पशुओं के बीच प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें गोवंश, भैंस, घोड़े, ऊंट, भेड़-बकरियों की प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालकों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पशुपालकों के लिए खेलकूद गतिविधियां और सांस्कृतिक संध्या भी होगी। मेले के कार्यक्रम के अनुसार 1 फरवरी को पशु पंजीकरण और उद्घाटन समारोह होगा।साथ ही देशी गोवंश की प्रतियोगिता होगी। 2 फरवरी को भैंस प्रतियोगिता, 3 फरवरी को बकरी, भेड़ औरऊंट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, 4 फरवरी को घोड़ा और बाछा-बछिया प्रतियोगिता और 5 फरवरी को पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह होगा। सांस्कृतिक संध्या के दौरान लोक नृत्य एवं लोक गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। वहीं ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं में रस्साकशी, मटका दौड़ जैसे पारंपरिक खेलों का आयोजन कर विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।


