कोडरमा जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई की गई। डोमचांच थाना क्षेत्र में आलू के बोरों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही 1258 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि कोडरमा-गिरिडीह मुख्य सड़क के रास्ते एक पिकअप वैन से अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसपी के निर्देश पर डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु पडिहारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने कोडरमा-गिरिडीह रोड पर निरूपहाड़ी के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन के चालक ने पुलिस को देखकर वाहन को एक पेट्रोल पंप के आगे खड़ा कर दिया और फरार हो गया। पुलिस टीम ने चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। इसके बाद पुलिस ने पिकअप वैन की तलाशी ली। वाहन के डाला में आलू के बोरों के बीच विभिन्न कंपनियों और मात्रा की कुल 1258 बोतल अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी, जिसे बरामद कर लिया गया। मौके पर वाहन का चालक, मालिक या कोई अन्य दावेदार नहीं मिला और न ही कोई वैध कागजात उपलब्ध कराए गए। बरामद शराब और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। इस संबंध में डोमचांच थाना में उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह अवैध शराब कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई गई है। ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


