आईजी-कमिश्नर करीला मेले की तैयारियां देखने पहुंचे:अशोकनगर में क्रांकीट सीढ़ियां बन रहीं; सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

अशोकनगर में रंग पंचमी के अवसर पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय करीला मेला की तैयारियां तेज हो गई हैं। इन तैयारियों के संबंध में बुधवार को माता जानकी धाम करीला में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में ग्वालियर संभाग के आयुक्त मनोज खत्री और आईजी अरविंद सक्सेना शामिल हुए। इस बार करीला मेले में पिछली बार की कमियों को दूर करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिर परिसर में पहले लगी लोहे की सीढ़ियों को हटाकर कंक्रीट की नई सीढ़ियां बनाई जा रही हैं। पूर्व में मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान ये सीढ़ियां झुक गई थीं, इससे हादसा होने से टल गया था। जिसके बाद इन्हें बदलने का निर्णय लिया गया। निर्माण कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है। पिछले वर्ष मेले में जाम की स्थिति निर्मित हुई थी। इससे निपटने के लिए इस बार दो नए वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जा रहे हैं। योजना के अनुसार, एक मार्ग से श्रद्धालुओं का प्रवेश होगा, जबकि दूसरे मार्ग से वे बाहर निकल सकेंगे, जिससे यातायात सुचारू रहेगा और जाम की समस्या नहीं होगी। पार्किंग स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
मेला परिसर के सौंदर्यीकरण, पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और वीआईपी आवाजाही के मद्देनजर पुख्ता पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वीआईपी श्रद्धालुओं के लिए माता के दर्शन की बेहतर व्यवस्था भी की जाएगी। आयुक्त और आईजी ने मेला परिसर में चल रहे कार्यों का निरीक्षण भी किया। बैठक में करीला मेला की तैयारी और व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। कलेक्टर साकेत मालवीय ने विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों के पालन प्रतिवेदन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। आयुक्त ग्वालियर संभाग मनोज खत्री और आईजी अरविंद सक्सेना ने करीला धाम पर मां जानकी माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में निर्माणाधीन सीढ़ी और अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा सहित कई अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *