माघ माह की शुक्ल सप्तमी को मनाई जा रही नर्मदा जयंती पर सीहोर जिले में श्रद्धालु सुबह 4 बजे से ही सीहोर के प्रमुख नर्मदा घाटों – आंवली घाट, नीलकंठ घाट और बुधनी घाट पर श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने नर्मदा मैया की विधिवत पूजा-अर्चना की और पवित्र नदी में आस्था की डुबकी लगाई। भक्तों ने मां नर्मदा को चुनरी अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। केवल सीहोर जिले से ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। सभी घाटों पर पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे कोई अप्रिय घटना न हो और श्रद्धालु सुरक्षित रूप से पूजा-अर्चना कर सकें। नर्मदा जयंती का यह पावन अवसर हर साल श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है, और इस वर्ष भी परंपरागत उत्साह देखने को मिल रहा है।


