बठिंडा पुलिस ने साइकिल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 14 चोरी की साइकिल बरामद की हैं। कोतवाली थाने के एसएचओ परविंदर सिंह के अनुसार, शहर में लगातार साइकिल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। हाल ही में मेहना चौक से भी एक साइकिल चोरी हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने जनता नगर निवासी दीपक कुमार और बलराज नगर निवासी अमित कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी पेशेवर चोर हैं और महज 5 महीने पहले ही जेल से रिहा हुए थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों से साइकिल चोरी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की है। पूछताछ में आरोपियों से और भी चोरी की वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है और वे चोरी की आदत के शिकार हैं।


