पंजाब हेल्थ कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर अनिल गोयल ने फाजिल्का सरकारी अस्पताल का दौरा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उन्होंने अस्पताल से 12 लाख रुपए की पुरानी और खराब मशीनरी को हटाने का आदेश दिया, जिससे प्राप्त धनराशि सरकारी खजाने में जमा की जाएगी। अस्पताल में कई नई व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी। मरीजों की टेस्ट रिपोर्ट अब एनवेलप में दी जाएगी और बेड पर बिछाई जाने वाली चादरों पर साप्ताहिक दिन अंकित किए जाएंगे। इससे चादरों के नियमित बदलाव की निगरानी आसान होगी। अस्पताल में एलईडी लाइटिंग और वेटिंग एरिया में बैठने की क्षमता बढ़ाई जाएगी। गोयल ने बताया कि अस्पताल की लिफ्ट का संचालन अब निजी कंपनी को सौंपा जाएगा। पंजाब के सभी सरकारी अस्पतालों में वन विभाग के सहयोग से नानक बगीची विकसित की जाएगी। डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और मरीजों की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। ये सभी सुधार राज्य के स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।


