खंडवा में वोटर लिस्ट से वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए जाने के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने फॉर्म क्रमांक-7 के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए पहले मोघट थाना और फिर सिटी कोतवाली पहुंचकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। मौके पर पहुंचे एसडीएम ऋषि सिंघई ने आश्वासन दिया है कि मामलों का पंचनामा बनाया जाएगा और यदि आपत्तिकर्ता खुद उपस्थित नहीं होते हैं, तो आपत्तियां निरस्त कर दी जाएंगी। कांग्रेस का आरोप है कि सुनियोजित तरीके से फर्जी आपत्तियां लगाकर फॉर्म-7 का दुरुपयोग किया गया है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास हुआ है। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि फर्जी आपत्तियां लगाने वालों पर निर्वाचन आयोग द्वारा सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो पूरी एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को निष्पक्ष नहीं माना जा सकता। एसडीएम ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इधर, कांग्रेस ने निर्वाचन कार्यालय की पिछले 15 दिनों की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस पूरे मामले के पीछे कौन लोग शामिल हैं और आपत्तियां जमा करने कौन आया था। अध्यक्ष के सवाल- किसने प्रिंट कराए लिफाफे, डेटा कहां से मिला? शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने प्रशासन से तीखे सवाल किए। उन्होंने कहा, “मुद्दा केवल आपत्तियां निरस्त करने का नहीं है, बल्कि यह जानना ज्यादा जरूरी है कि यह पूरा षड्यंत्र किसने और कैसे रचा। फॉर्म-7 कहां से और कैसे उपलब्ध कराए गए? फर्जी आपत्तियों वाले लिफाफे किसने प्रिंट कराए? इन्हें निर्वाचन कार्यालय में किसके माध्यम से जमा कराया गया? इन आपत्तियों का कोई आवक-जावक रजिस्टर में उल्लेख क्यों नहीं है? क्या निर्वाचन आयोग का डेटा आपत्तिकर्ताओं से साझा किया गया?” बीएलओ और फील्ड अफसरों को कर रहे परेशान कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जानबूझकर बीएलओ और फील्ड अधिकारियों को मानसिक रूप से परेशान और हतोत्साहित किया जा रहा है। इसके बावजूद शासन-प्रशासन द्वारा दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। शिकायत के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही हैं। वैध नाम जुड़ने तक जारी रहेगा आंदोलन प्रतिभा रघुवंशी ने कहा, “यह मामला केवल नाम काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतंत्र को कमजोर करने की गहरी साजिश है। जब तक प्रत्येक वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची में दोबारा शामिल नहीं किया जाता और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।” ये नेता रहे मौजूद प्रदर्शन के दौरान खानशाहवली वार्ड के पार्षद शब्बीर कादरी, तारिक बबलू पटेल, असलम गोरी, विशाल जैन, शहजाद पवार, दिव्यांश ओझा, अब्दुल कादिर, गुरप्रीत सिंह, अशोक मालवीय, अश्विनी चौहान, रणधीर कैथवास, इमरान गौरी, सुनील पासी, रिजवान शेख, अयान खान समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद थे।


