छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के मुख्यालय स्थित एसडीएम और तहसील कार्यालय परिसर में एक व्यक्ति का शव मिला है। घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई, जिसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी कामिल हक ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि तहसील और एसडीएम कार्यालय परिसर में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पेड़ के नीचे चबूतरे पर पड़ा है। सूचना पर तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मृतक की पहचान में जुट गया। देर शाम हुई मृतक की पहचान देर शाम तक मृतक की पहचान संतोष दास महंत (49 वर्ष), पिता झाड़ू दास महंत, निवासी सिदारपारा डभरा के रूप में हुई। वह फिलहाल अपने मामा के गांव परसदा में रह रहा था। प्राथमिक जांच में पता चला है कि मृतक किसी काम से तहसील कार्यालय गया हुआ था। हालांकि, उसकी मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट के निशान न होने के कारण प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का असली कारण मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। घटना के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी गई और पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिवार वालों को सौंप दिया गया। सिटी कोतवाली पुलिस हर एंगल से मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।


