कारों की भिड़ंत में सगे भाइयों सहित 3 की मौत:जिसकी सगाई करके लौट रहे थे उसने भी तोड़ा दम, एयरबैग खुलने से दूसरी कार में सवार लोग बचे

बारां में दो कारों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक कार में सवार दो सगे भाइयों सहित 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, दूसरी कार के एयरबैग खुलने से उसमें बैठे लोग सुरक्षित बचकर मौके से फरार हो गए। हादसा मंगलवार शाम करीब छह बजे मांगरोल थाना क्षेत्र में मांगरोल (बारां)- श्योपुर (मध्यप्रदेश) स्टेट हाईवे पर मऊ बालाजी के पास हुआ। मरने वालों में वह युवक भी शामिल है, जिसकी सगाई करके लौट रहे थे। मांगरोल थाना सीआई महेंद्र मीणा ने बताया कि थानाक्षेत्र के मऊ बालाजी के समीप मंगलवार शाम को दो कारों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी की दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में एक कार में सवार मांगरोल के बंबोरी कला निवासी दो सगे भाइयों देवकरण (65) पुत्र शंकरलाल और बद्रीलाल (50) पुत्र शंकरलाल धाकड़ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव मांगरोल अस्पताल मॉर्च्युरी में रखवाए हैं। वहीं, तीन अन्य गंभीर घायल पराग (23) पुत्र भवानीशंकर, जीवनलाल (63) पुत्र कालूलाल और विष्णु (3) पुत्र रमेशचंद को मांगरोल अस्पताल पहुंचाया, जहां से बारां रेफर कर दिया गया। बारां जिला अस्पताल पहुंचने पर गंभीर घायल प्रयाग की भी मौत हो गई। जिसका शव पुलिस ने बारां अस्पताल मार्च्युरी में रखवा दिया है। वहीं, दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। दूसरी कार में सवार लोग मौके से फरार
पुलिस ने बताया कि दोनों कारों में हुई भिड़ंत में एक कार के एयर बैग खुलने से उसमें सवार लोग सुरक्षित बच गए। कार ड्राइवर समेत सभी लोग मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। जिसकी सगाई वही चला रहा था कार
पुलिस के अनुसार सभी मृतक और घायल एक ही परिवार के सदस्य हैं। वे मंगलवार को पराग की सगाई के कार्यक्रम में सीसवाली में गए थे। जहां से लौटते वक्त हादसा हो गया। इस हादसे में प्रयाग की भी मौत हो गई। घटना के परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, गांव में भी गमगीन माहौल हो गया। पराग ही कार चला रहा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *