44 बच्चों की जान खतरे में डालने वाला टीचर सस्पेंड:पिकअप की RC भी रद्द होगी; हाईवे पर चलते हुए पलटी थी गाड़ी

डीडवाना जिले के छोटे खाटू कस्बे के पास गणतंत्र दिवस पर 44 छात्र-छात्राओं की जान खतरे में डालने वाले टीचर को निलंबित कर दिया गया है। जिला कलेक्टर डॉ. महेन्द्र खड़गावत ने पिकअप चलाने वाले टीचर संतोष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। यह कार्रवाई शिक्षा विभाग द्वारा सौंपी गई उस रिपोर्ट के आधार पर की गई है जिसमें हादसे के वक्त टीचर की गंभीर लापरवाही सामने आई थी। जांच में खुली लापरवाही की पोल ​हादसे के बाद जिला कलेक्टर ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए थे। जांच कमेटी की रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि मण्डुकरा गांव के पास जब यह हादसा हुआ, तब गाड़ी का असली चालक लादूराम वाहन नहीं चला रहा था। गणतंत्र दिवस समारोह की समाप्ति के बाद वापस लौटते समय राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भवाद के शिक्षक संतोष कुमार ने खुद गाड़ी की स्टेयरिंग संभाल ली थी। मण्डुकरा से महज एक किलोमीटर दूर शिक्षक के नियंत्रण खोने के कारण बच्चों से भरी पिकअप पलट गई, जिसके चलते 44 छात्र-छात्राएं घायल हो गए थे। पिकअप की RC रद्द होगी ​जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक सूबे सिंह ने निलंबन के आदेश जारी करते हुए शिक्षक संतोष कुमार का मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नावां निर्धारित किया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब परिवहन विभाग भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। विभाग ने हादसे का कारण बनी पिकअप का रजिस्ट्रेशन रद्द करने और शिक्षक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिवहन विभाग का अभियान ​इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवहन विभाग ने जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। विभाग ने सड़क पर क्षमता से अधिक सवारी भरने और अवैध रूप से वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में विभाग ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए नियमों को ताक पर रखकर चल रही 40 पिकअप गाड़ियों के चालान काटकर वाहन स्वामियों को सख्त चेतावनी दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *