रांची| झारखंड के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए प्रभात तारा मैदान, धुर्वा में तीन दिवसीय झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो का उद्घाटन 29 जनवरी को होगा। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष गंगवार करेंगे। समारोह में खनन और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि शामिल होंगे। इनमें प्रमुख रूप से पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार, सीसीएल के सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, एनटीपीसी कोल माइंस के सीईओ नवीन जैन, मेकॉन के सीएमडी संजय कुमार वर्मा, निदेशक माइंस एवं सेफ्टी अजीत कुमार और लघु उद्योग भारती के पूर्व अध्यक्ष विजय छापड़िया शामिल हैं। आयोजन समिति के लोकेश चौधरी और सीइओ एसके त्रिपाठी ने कहा कि झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो का आयोजन रांची में दूसरी बार किया जा रहा है। यह 31 जनवरी तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश की 150 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां खनन, निर्माण, पावर और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र से जुड़ी अपनी अत्याधुनिक मशीनरी, उत्पाद और नवीन तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी। यह प्रदर्शनी निवेश, तकनीकी सहयोग और उद्योग–सरकार संवाद को सशक्त करने के साथ-साथ झारखंड को एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी। इस आयोजन में सीसीएल, सीएमपीडीआई, खान एवं भूविज्ञान विभाग, मेकॉन सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों की सहभागिता रहेगी।


