एनएच-18 पर दो सड़क दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल

भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ धालभूमगढ़ प्रखंड क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक ट्रक चालक को हल्की चोट आई है। पहली घटना : फ्लाईओवर की सीमा दीवार से टकराया ट्रक : पहली दुर्घटना बुधवार भोर में धालभूमगढ़ चौक स्थित एनएच-18 फ्लाईओवर पर हुई। बहरागोड़ा से जमशेदपुर की ओर जा रहा ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर एनएल-01-एई-6704) फ्लाईओवर के शुरुआती हिस्से में सीमा दीवार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में ट्रक चालक को हल्की चोट आई है। दूसरी घटना : बांसकाटिया नाला पुल पर कार दुर्घटनाग्रस्त : दूसरी दुर्घटना एनएच-18 पर जोड़शोल स्थित बांसकाटिया नाला पुल के गार्डवाल के पास हुई। बहरागोड़ा से जमशेदपुर की ओर जा रही एक कार (रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच-05-एबी-8422) अनियंत्रित होकर पुल के गार्डवाल से जा टकराई। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार चार यात्री- दो युवक और दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चारों घायलों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम जमशेदपुर रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस बांसकाटिया नाला पुल पर दुर्घटना हुई, उसकी चौड़ाई सड़क के अनुपात में कम है। इसी कारण यहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इससे पहले भी इस पुलिया पर कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान जा चुकी है। एनएचआई की एंबुलेंस सेवा पर सवाल : धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में एनएच-18 पर होने वाली अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में एनएचआई की एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही सेवा ही धर्म ग्रुप की एंबुलेंस घायलों को अस्पताल पहुंचा देती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनएचआई की एंबुलेंस सेवा समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे भारी रोष है। घायलों की पहचान : राहुल कुमार (27), बारीडीह, जमशेदपुर, कृतिका राव (25), बारीडीह, जमशेदपुर, रंजीत सिंह (28), परसुडीह, जमशेदपुर, मीनाक्षी बीरूवा (26), बिरसानगर, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार चारों यात्री कार से बालेश्वर से जमशेदपुर लौट रहे थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *