भास्कर न्यूज | तोकापाल ब्लॉक मुख्यालय के सामने स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा एक बार फिर उपेक्षा का शिकार हुई । गांधी चौक के नाम से पहचाने जाने वाले इस प्रमुख स्थल पर गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर भी न तो साफ-सफाई की गई और न ही ध्वजारोहण किया गया। प्रतिमा पर धूल जमी रही, जिससे प्रशासनिक संवेदनहीनता उजागर हुई है। गौरतलब है कि गांधी चौक के आसपास बीईओ कार्यालय, बीआरसी, जनपद पंचायत कार्यालय, पीएचई विभाग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तहसील और एसडीएम कार्यालय जैसे कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्यालय स्थित हैं। इसके बावजूद किसी भी अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने राष्ट्रपिता की प्रतिमा की ओर ध्यान नहीं दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व वर्षों में इसी स्थान पर राष्ट्रीय पर्वों पर नियमित रूप से ध्वजारोहण किया जाता रहा है, लेकिन इस बार परंपरा टूट गई। प्रतिमा के पास ही भाजपा कार्यालय स्थित होने के कारण जनप्रतिनिधियों की लगातार आवाजाही रहती है, फिर भी गांधी जी की अनदेखी होना लोगों को आहत कर गया।


