भास्कर न्यूज | बालोद जिले में सीजी बोर्ड परीक्षा की शुरुआत 20 फरवरी से होगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने समय सारिणी जारी कर दिया है। इसी को ध्यान में रखकर परीक्षा मंे बेहतर परिणाम के लिए जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग की ओर से कक्षा 10वीं के 6 व कक्षा 12वीं के 12, कुल 18 विषयों पर प्रश्न बैंक तैयार कर सभी हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी स्कूलों में वितरित किया गया है ताकि जिले के विद्यार्थी बेहतर अंक प्राप्त कर सकें। इसके अलावा प्रतिभावान बच्चे सीजी बोर्ड मेरिट टॉप-10 में स्थान प्राप्त कर सकें। इस उद्देश्य से जिले के 75 विशेषज्ञों (विषयवार शिक्षक) ने प्रश्न बैंक तैयार किया है। जिसमंे उन सवालांे को शामिल किया गया है, जो वार्षिक परीक्षा में आ सकते है। इसके अलावा ब्लूप्रिंट के आधार पर किस सवाल को कितने अंक के पूछे जाएंगे, इसकी विस्तारपूर्ण जानकारी दी गई है। प्राचार्य अपने स्तर पर शिक्षकों के माध्यम से कक्षा 10वीं व 12वीं के छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण सवालों के जवाब बताएंगे। बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर यह सकारात्मक पहल किया जा रहा है। जिले के सभी हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी स्कूलों में 20 जनवरी से प्री बोर्ड परीक्षा शुरु हुई है। इसी सप्ताह परीक्षा समाप्त होगी। जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग की ओर से कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक, विज्ञान, संस्कृत कुल 6 विषयों का प्रश्न बैंक तैयार किया गया है। वहीं कक्षा 12वीं के विभिन्न संकाय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए हिंदी, अंग्रेजी, गणित, जीव विज्ञान, रसायन शास्त्र, भौतिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, लेखाशास्त्र, व्यवसाय अध्ययन, इतिहास, राजनीति विज्ञान, भूगोल कुल 12 विषयों का प्रश्न बैंक तैयार किया गया है। पिछले साल 8 विषयों का प्रश्न बैंक तैयार हुआ था।


