भास्कर न्यूज | नारायणपुर लोकभवन रायपुर में आयोजित गरिमामयी समारोह में दो ब्रेल पुस्तकों एवं 3000 से अधिक ऑडियो बुक्स का विमोचन राज्यपाल रमेन डेका द्वारा किया गया। इस अवसर पर दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए किए जा रहे नवाचारों की सराहना की गई। इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली प्रधान अध्यापक ब्रजेश्वरी रावटे को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने भारत के लोक नृत्य, छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थल एवं बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को हिंदी, हल्बी और छत्तीसगढ़ी भाषा में अपनी आवाज में ऑडियो श्रृंखला के रूप में प्रस्तुत किया है। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शारदा की पहल पर डेढ़ वर्ष पूर्व इस अभियान की शुरुआत हुई थी, जिसमें दृष्टिबाधित बच्चों तक शिक्षा को ऑडियो माध्यम से पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस दौरान दिव्यांग महिलाओं की सफलता की कहानी और छत्तीसगढ़ के वीर जैसी ब्रेल पुस्तकें भी तैयार की गईं। राज्यपाल ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह शिक्षा के क्षेत्र में एक संवेदनशील और प्रेरणादायक प्रयास है, जिसे देशभर के दृष्टिबाधित बच्चों तक पहुंचाया जाना चाहिए।


