लुधियाना| पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर सरेआम हमला करने का मामला सामने आया है। घायल युवक ने अपने ही साढ़ू पर हमला करने और जान से मारने की धमकियां देने का आरोप लगाया है। थाना हैबोवाल की पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चंद्र नगर निवासी 27 वर्षीय गिरीश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कैरीबैग बनाने और प्रिंटिंग मशीन का काम करता है। उसके अनुसार, उसके साढ़ू वरुण भाटिया से उसे करीब 13 लाख रुपए लेने हैं। इस राशि को लेकर पिछले करीब एक साल से विवाद चल रहा है और गिरीश ने इस संबंध में अदालत में तीन अलग-अलग केस भी दायर कर रखे हैं। गिरीश का आरोप है कि केस वापस लेने के लिए वरुण भाटिया लगातार उसे परेशान कर रहा था। घटना वाले दिन वह एक्टिवा पर अपने घर से फैक्टरी जा रहा था। जब वह चंद्र नगर पुल के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए वरुण भाटिया ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने हाथ में पहना लोहे का कड़ा गिरीश के कान पर मारा और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। हमले में गिरीश घायल हो गया, जिसे सिविल अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। पीड़ित ने बताया कि आरोपी पहले भी उसे धमकियां देता रहा है और इसकी कॉल रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी वरुण भाटिया के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


